Gurugram News: एयर इंडिया को खराब सर्विस भारी पड़ी, महिला यात्री को मिलेगा 1 लाख मुआवजा
एयर इंडिया की ओर से इस मामले में आयोग के सामने कोई दलील पेश नहीं की गई। इसके बाद, आयोग ने कंपनी को निर्देश दिया कि वह शिकायतकर्ता को हुई परेशानी के लिए 1 लाख का मुआवजा दे।

Gurugram News: एयर इंडिया को अपनी खराब सेवाओं के लिए एक महिला यात्री को 1 लाख का मुआवजा देना होगा। यह आदेश जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष संजीव जिंदल ने दिया है। सेक्टर-56 की निवासी कोमल ने शिकायत की थी कि दिल्ली से लंदन और लंदन से दिल्ली की उनकी एयर इंडिया की उड़ानों में उन्हें खराब मनोरंजन प्रणाली और गंदे शौचालयों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
कोमल ने बताया कि उन्होंने 2 फरवरी 2023 को 27 मई 2023 के लिए दिल्ली से लंदन और 24 जून 2023 के लिए लंदन से दिल्ली के लिए अपनी और अपने बेटे की फ्लाइट बुक की थी। यात्रा के दौरान, उन्हें फ्लाइट में मनोरंजन प्रणाली खराब मिली और शौचालय भी साफ नहीं थे।
उन्होंने फ्लाइट अटेंडेंट से इसकी शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह समस्या उन्हें दोनों यात्राओं में हुई। भारत लौटने के बाद उन्होंने एयर इंडिया से शिकायत की।
एयर इंडिया की ओर से इस मामले में आयोग के सामने कोई दलील पेश नहीं की गई। इसके बाद, आयोग ने कंपनी को निर्देश दिया कि वह शिकायतकर्ता को हुई परेशानी के लिए 1 लाख का मुआवजा दे। इसके अतिरिक्त, कानूनी प्रक्रिया पर खर्च हुए 22,000 भी शिकायतकर्ता को दिए जाएंगे।











