Gurugram News : ऑटो में बैठे युवक के सीने के आर- पार हुआ सरिया, नौकरी के लिए बिहार से आया था युवक

टकराव इतना भीषण था कि बुग्गी से बाहर निकला एक सरिया ऑटो की पिछली सीट पर बैठे धीरज के सीने को चीरता हुआ बाहर निकल गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

Gurugram News : खेड़ी पुल क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सड़क पर सरियों से लदे एक पशु-ठेले (बुग्गी) के अचानक रुकने से पीछे आ रहे ऑटो में बैठे 32 वर्षीय युवक के सीने में लोहे का सरिया आर-पार हो गया। अस्पताल ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। विडंबना यह है कि मृतक महज 24 घंटे पहले ही रोजगार की तलाश में बिहार से फरीदाबाद आया था।

बिहार निवासी अशोक अपने साले धीरज (32) के साथ शनिवार दोपहर करीब 12 बजे ऑटो में सवार होकर अपने एक दोस्त से मिलने जा रहे थे। जब वे खेड़ी पुल के पास पहुँचे, तो उनके आगे सरियों से लदी एक बुग्गी चल रही थी, जिसमें सरिए काफी बाहर तक निकले हुए थे। अचानक बुग्गी के रुकने पर ऑटो चालक ने भी ब्रेक लगाए, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण ऑटो सीधे सरियों से जा टकराया।

टकराव इतना भीषण था कि बुग्गी से बाहर निकला एक सरिया ऑटो की पिछली सीट पर बैठे धीरज के सीने को चीरता हुआ बाहर निकल गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

अशोक ने रुंधे गले से बताया कि वह खुद दो महीने पहले ही फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में काम करने आया था। उसका साला धीरज शुक्रवार को ही बिहार से फरीदाबाद पहुँचा था ताकि वह भी यहाँ कोई काम ढूंढ सके। शनिवार को वह पहली बार शहर देखने निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा। धीरज के परिवार में उसकी पत्नी और दो बेटियां हैं, जो गांव में उसके लौटने का इंतजार कर रही थीं।

हादसे के बाद घायल धीरज को तुरंत बीके अस्पताल पहुँचाया गया, लेकिन अधिक खून बह जाने और गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक को अस्पताल पहुँचाने के बाद ऑटो चालक कानूनी कार्रवाई के डर से मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अस्पताल पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अशोक ने बताया कि वह शहर में नया है और उसे यहाँ के रास्तों या पुलिस प्रक्रिया की अधिक जानकारी नहीं है। पुलिस अब बुग्गी और ऑटो चालक की तलाश कर रही है ताकि लापरवाही का मामला दर्ज कर उचित कार्रवाई की जा सके।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button