Gurugram: अवैध निर्माण करने वालों पर निगम का बड़ा एक्शन, दो मकानों को सील किया गया
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आरंभ करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें।

Gurugram News Network – नगर निगम के द्वारा अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। निगम के जोन तीन में आने वाले गांव डूंडाहेड़ा में अनधिकृत निर्माणों पर नगर निगम गुरुग्राम ने बुधवार को बड़ा एक्शन लिया। अवैध रूप से निर्माण कर रहे दो मकानों को सील कर दिया है।
यह कार्रवाई सहायक अभियंता दलीप सिंह यादव के नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता अंकित कपूर की एनफोर्समेंट टीम द्वारा की गई।
कार्रवाई संयुक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत उठाया गया, जिसमें अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि शहर में अवैध निर्माण पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आरंभ करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें।











