Gas Mafia की खैर नहीं: गुरुग्राम प्रशासन का बड़ा एक्शन, मारुति कुंज में अवैध सिलेंडरों का जखीरा जब्त
सीएम फ्लाइंग और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त छापेमारी; एक आरोपी हिरासत में, गाड़ी समेत 20 सिलेंडर बरामद

Gas Mafia : साइबर सिटी में घरेलू एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मारुति कुंज इलाके में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 20 गैस सिलेंडरों को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

जानकारी के अनुसार, सीएम फ्लाइंग को मारुति कुंज क्षेत्र में अवैध गैस सप्लाई की गुप्त सूचना मिली थी। टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए घेराबंदी की और वाहन संख्या HR 55 AJ 9226 को रुकवाया। तलाशी के दौरान वाहन से भारत गैस के 18 भरे हुए और एक खाली सिलेंडर, साथ ही इंडेन का एक खाली सिलेंडर बरामद हुआ। वाहन चला रहे युवक, जिसकी पहचान सुल्तानपुर (UP) निवासी अंकुश यादव के रूप में हुई है, मौके पर सिलेंडरों से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सका। इसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए माल और गाड़ी को सीज कर दिया।
संयुक्त टीम ने कसा शिकंजा
इस सफल ऑपरेशन में सीएम फ्लाइंग से इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, सीआईडी से इंस्पेक्टर अनिल कुमार यादव, सब-इंस्पेक्टर महाबीर, सुरेंद्र व प्रवीण और खाद्य आपूर्ति विभाग से एएफएसओ विजय कुमार, इंस्पेक्टर गजेंद्र व विनय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
“नियम तोड़ने वालों पर होगी जेल की तैयारी” — DFSC
कार्रवाई के बाद जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (DFSC) अशोक रावत ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा:
“मुख्यमंत्री उड़नदस्ते और हमारे विभाग की टीमें जिले के कोने-कोने पर पैनी नजर रख रही हैं। घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल इस्तेमाल या अवैध भंडारण करना एक गंभीर अपराध है। जो लोग आम जनता के हक की गैस की कालाबाजारी कर रहे हैं, उनकी अब खैर नहीं है। डीसी अजय कुमार के स्पष्ट निर्देश हैं कि ऐसे तत्वों के खिलाफ न केवल एफआईआर दर्ज की जाए, बल्कि भविष्य के लिए सख्त मिसाल कायम की जाए।”
DFSC अशोक रावत ने आगे कहा कि विभाग का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र उपभोक्ता को गैस की किल्लत न हो। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी गैस की ओवरचार्जिंग या कालाबाजारी हो रही है, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें।