Good News : गुरूग्राम के इन 2 मेट्रो स्टेशनों पर बनेगी बहुमंजिला पार्किंग, शॉपिंग के साथ गाड़ी खड़ी करने की मिलेगी सुविधा
डीएमआरसी ने इस परियोजना के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से औपचारिक अनुमति मांगी है। चूंकि पार्किंग के लिए उपयोग की जाने वाली जमीन एचएसवीपी की है, इसलिए उनकी मंजूरी अनिवार्य है।

Good News : गुरुग्राम में मेट्रो से सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शहर के दो सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशनों— इफ्को चौक और गुरु द्रोणाचार्य पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना तैयार की है। दिल्ली के जनकपुरी और रोहिणी मेट्रो स्टेशनों की तर्ज पर बनने वाली इस पार्किंग से न केवल वाहनों को खड़ा करने की समस्या खत्म होगी, बल्कि यात्रियों को शॉपिंग की सुविधा भी मिलेगी।
डीएमआरसी ने इस परियोजना के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से औपचारिक अनुमति मांगी है। चूंकि पार्किंग के लिए उपयोग की जाने वाली जमीन एचएसवीपी की है, इसलिए उनकी मंजूरी अनिवार्य है। डीएमआरसी की भूमि शाखा के वरिष्ठ महाप्रबंधक पीसी चौहान ने इस संबंध में एचएसवीपी अधिकारियों को पत्र लिखकर जल्द अनुमति देने का आग्रह किया है। (Good News)
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि इसे पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) आधार पर विकसित किया जाएगा। योजना के अनुसार भूतल (Ground Floor) पर आधुनिक शॉपिंग मॉल और दुकानें विकसित की जाएंगी। ऊपरी मंजिलों पर वाहनों की मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था होगी। निजी कंपनी इस परिसर का निर्माण करेगी और कुछ वर्षों की लीज अवधि के दौरान दुकानों के किराए और पार्किंग शुल्क से अपनी लागत वसूल करेगी। लीज खत्म होने के बाद इसे वापस डीएमआरसी को सौंप दिया जाएगा। (Good News)
वर्तमान में इन दोनों स्टेशनों पर पार्किंग की जगह काफी कम पड़ रही है। इफ्को चौक पर जगह न होने के कारण यात्रियों को पास के निजी मॉल में वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जहाँ प्रति घंटे के हिसाब से भारी शुल्क देना पड़ता है। गुरु द्रोणाचार्य स्टेशन पर भी पार्किंग के सीमित विकल्प होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
इफ्को चौक पार्किंग के लिए 6279 वर्गमीटर जमीन चिह्नित।
गुरु द्रोणाचार्य पार्किंग के लिए 3916 वर्गमीटर जमीन आवंटित।
इस सुविधा के शुरू होने से न केवल मेट्रो स्टेशनों के बाहर लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि यात्रियों के समय और पैसे की भी बचत होगी।