GMDA का मास्टरप्लान: 7.5 करोड़ से बदल जाएगी गुरुग्राम के 17 प्रमुख जंक्शनों की सूरत, जानें पूरी लिस्ट
फ्री-लेफ्ट टर्न को सुगम बनाने के लिए स्लिप लेन की लंबाई बढ़ाई जाएगी। वाहनों को मुड़ने के लिए सिग्नल पर इंतजार न करना पड़े, इसके लिए विशेष यू-टर्न बनाए जाएंगे।

GMDA : मिलेनियम सिटी की सड़कों पर रेंगते ट्रैफिक और प्रदूषण की समस्या को खत्म करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने एक बड़ा मास्टरप्लान तैयार किया है। प्राधिकरण शहर के सेक्टर-1 से 57 के बीच आने वाले 17 सबसे व्यस्त चौराहों को फिर से डिजाइन (Redesign) करने जा रहा है। करीब 7.5 करोड़ की लागत वाले इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक के ‘वेटिंग टाइम’ को कम करना और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन को नियंत्रित करना है।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा के अनुसार, वर्तमान में इन चौराहों पर स्लिप लेन (Slip Lanes) काफी छोटी हैं। जब रेड लाइट पर 4-5 गाड़ियां खड़ी होती हैं, तो वे स्लिप लेन का रास्ता रोक देती हैं, जिससे बाएं मुड़ने वाले वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। नई योजना के तहत स्लिप लेन को 90 से 100 मीटर पहले शुरू किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक बिना रुके निकल सके।
इन प्रमुख बदलावों से सुधरेगी रफ्तार
फ्री-लेफ्ट टर्न को सुगम बनाने के लिए स्लिप लेन की लंबाई बढ़ाई जाएगी। वाहनों को मुड़ने के लिए सिग्नल पर इंतजार न करना पड़े, इसके लिए विशेष यू-टर्न बनाए जाएंगे। सड़क के बीच बने डिवाइडर (Median) की लंबाई को ट्रैफिक वॉल्यूम के हिसाब से छोटा या बड़ा किया जाएगा। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की सलाह पर यह कदम उठाया गया है ताकि जाम में खड़े वाहनों का धुआं कम किया जा सके।
ये चौराहे होंगे जाम मुक्त
जिन 17 जंक्शनों को चिह्नित किया गया है उनमें सेक्टर 48/49 (साउथ सिटी-2), सेक्टर 40/45 (साइबर पार्क), रेजांगला चौक, सेक्टर 4/5 चौक, मेफील्ड गार्डन के पास मॉडर्न बाजार, सेक्टर-22 (ताऊ देवी लाल पार्क के सामने), और सेक्टर 4/7 चौक प्रमुख हैं। (GMDA)
अगले महीने से शुरू होगा काम
प्राधिकरण ने इस परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले महीने से धरातल पर काम शुरू हो जाएगा। अधिकारियों का लक्ष्य है कि मानसून और सर्दियों के प्रदूषण सीजन से पहले अधिकांश चौराहों का सुधार कार्य पूरा कर लिया जाए, ताकि जनता को पीक आवर्स के दौरान होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। (GMDA)