Phool Chand Mulana : हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का 85 वर्ष की उम्र में निधन
सांसद बेटे वरुण चौधरी ने दी दुखद जानकारी : पंचकूला में अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम

Phool Chand Mulana/चंडीगढ़/अंबाला
हरियाणा की राजनीति के वरिष्ठ स्तंभ, पूर्व कैबिनेट मंत्री और हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौधरी फूल चंद मुलाना (Phool Chand Mulana) का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, सुबह 9 बजे ली अंतिम सांस
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, चौधरी फूल चंद मुलाना (Phool Chand Mulana) का मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था। हाल ही में अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे पंचकूला स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अंतिम संस्कार के लिए उनका पार्थिव शरीर आज अंबाला लाया जाएगा।
सांसद बेटे ने दी जानकारी
Phool Chand Mulana के बेटे और अंबाला लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी (वरुण मुलाना) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक भावुक पोस्ट साझा कर पिता के निधन की पुष्टि की। उन्होंने लिखा, “आज हमारे नेता और मेरे पिता चौधरी फूल चंद मुलाना जी नहीं रहे।” बता दें कि उनकी पुत्रवधू पूजा चौधरी वर्तमान में अंबाला की मुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं।
वकालत से राजनीति तक का सफर: 4 बार विधायक और सबसे लंबे समय तक रहे प्रदेशाध्यक्ष
चौधरी फूल चंद मुलाना (Phool Chand Mulana) का राजनीतिक जीवन बेहद प्रभावशाली रहा है:
शुरुआती जीवन: कला संकाय में स्नातक और कानून (LLB) की पढ़ाई पूरी करने के बाद Phool Chand Mulana ने वकालत के पेशे से अपने करियर की शुरुआत की थी।
राजनीतिक करियर: Phool Chand Mulana ने साल 1972 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर मुलाना विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधानसभा में कदम रखा। वे इस सीट से कुल चार बार विधायक चुने गए।
कैबिनेट मंत्री और सम्मान: 1996 और 2000 के चुनावों में हार के बाद, Phool Chand Mulana ने 2005 में चौथी बार शानदार जीत दर्ज की और तत्कालीन भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। राजनीति और समाज सेवा में Phool Chand Mulana के उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2005 में उन्हें प्रतिष्ठित ‘हरियाणा रत्न’ सम्मान से भी नवाजा गया था।
संगठन में रिकॉर्ड: Phool Chand Mulana हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के इतिहास में सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाले नेता थे। उन्होंने करीब साढ़े 6 साल तक प्रदेश संगठन की कमान मजबूती से संभाली।
Phool Chand Mulana के निधन पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं समेत हरियाणा के विभिन्न दलों के राजनेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
