Fake Doctor : यमराज का एजेंट! गुरुग्राम में बिना डिग्री 6 साल से लोगों की जिंदगी से खेल रहा था फर्जी डॉक्टर

स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन : न्यू पालम विहार के 'बंगाली जनता सेवा क्लिनिक' पर टीम का छापा; आरोपी सुकुमार बिस्वास गिरफ्तार, भारी मात्रा में दवाएं बरामद।

Fake Doctor : दिल्ली से सटे गुरुग्राम में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने एक ऐसे ‘झोलाछाप’ डॉक्टर का भंडाफोड़ किया है, जो बिना किसी मेडिकल डिग्री या सर्टिफिकेट के पिछले 6 सालों से धड़ल्ले से क्लिनिक चला रहा था। मामला गुरुग्राम के सेक्टर-110 स्थित न्यू पालम विहार इलाके का है, जहाँ स्वास्थ्य विभाग, ड्रग्स कंट्रोल विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने यादव मार्केट में चल रहे ‘बंगाली जनता सेवा क्लिनिक’ पर अचानक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध रूप से लोगों का इलाज कर रहे सुकुमार बिस्वास नाम के फर्जी डॉक्टर ( Fake Doctor) को रंगे हाथों दबोच लिया।

Fake Doctor की शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को काफी समय से इस क्लिनिक में अवैध रूप से मरीजों के इलाज और खिलवाड़ की शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम के सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर ने एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी सुरेश कुमार, डॉ. ओम प्रकाश और स्थानीय मेडिकल अफसरों को शामिल किया गया। टीम ने स्थानीय थाना पुलिस को साथ लेकर जब यादव मार्केट के इस क्लिनिक पर रेड की, तो वहाँ का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

6 साल से चल रहा था ‘मौत का धंधा’, भारी मात्रा में दवाएं जब्त : Fake Doctor
आरोपी सुकुमार बिस्वास पिछले करीब छह सालों से बिना किसी वैध मेडिकल योग्यता, डिग्री या लाइसेंस के मरीजों को एलोपैथिक दवाएं और इंजेक्शन दे रहा था। छापेमारी के दौरान क्लिनिक से भारी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां, सिरिंज, प्रतिबंधित इंजेक्शन और अन्य मेडिकल उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और क्लिनिक को सील कर दिया गया है।

ऐसे फर्जी डॉक्टरों (Fake Doctor) से रहें सावधान, जान को न डालें जोखिम में — सिविल सर्जन
मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए गुरुग्राम के सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर ने आम जनता से अपील की है। उन्होंने कहा: “बिना किसी वैध डिग्री और अनुभव के इलाज करना सीधे तौर पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ है। जनता से हमारी अपील है कि वे ऐसे झोलाछाप और फर्जी डॉक्टरों के बहकावे में न आएं और अपनी सेहत को जोखिम में न डालें। हमेशा प्रमाणित और रजिस्टर्ड डॉक्टरों से ही अपना इलाज करवाएं। स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी ऐसे अवैध क्लिनिकों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाएगा और यह मुहिम लगातार जारी रहेगी।”

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button