Eid-ul-Fitr 2026 : गुरुग्राम में शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हुई ईद की नमाज़
मुफ्ती अब्दुल हसीब कासमी ने लेजर वैली ग्राउंड में हज़ारों अकीदतमंदों को कराई नमाज़; देश की एकता और प्रगति के लिए मांगी दुआ।

Eid-ul-Fitr 2026 : साइबर सिटी गुरुग्राम में शनिवार को ईद-उल-फित्र का त्योहार पूर्ण शांति, सद्भावना और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड (Leisure Valley Ground) में मुख्य नमाज़ का आयोजन हुआ, जहाँ हज़ारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने शिरकत की।गुरुग्राम इमाम संगठन के अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल हसीब कासमी ने नमाज़ की इमामत की और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। अपने खुतबे (भाषण) में उन्होंने मानवता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए कहा कि भारत की एकता और अखंडता हम सभी के लिए सर्वोपरि है।
मुफ्ती कासमी ने विशेष दुआ करते हुए कहा ईश्वर हमारे देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाए और हमें आपसी प्रेम व सद्भावना के मार्ग पर चलने की शक्ति प्रदान करे। हमारा देश विविधता में एकता का प्रतीक है और इसी अटूट भाईचारे से हम एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
आयोजन को सुव्यवस्थित रखने के लिए गुरुग्राम इमाम संगठन ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की सराहना की। पूरे रमजान माह और ईद के दिन सुरक्षा व्यवस्था, सुचारू यातायात प्रबंधन और अन्य सुविधाओं के लिए संगठन ने अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। प्रशासन और जनता के बीच इसी समन्वय के कारण सभी धार्मिक कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।
कार्यक्रम के अंत में गुरुग्राम इमाम संगठन की ओर से सभी समुदायों से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने और देश की तरक्की में सक्रिय योगदान दें। लेजर वैली ग्राउंड में नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी, जो शहर की गंगा-जमुनी तहजीब का जीवंत उदाहरण पेश कर रहा था।