Gurugram में बिजली चोरी पकड़ने गई DHBVN टीम पर हमला, मीटर भी छीन लिया, FIR दर्ज
शिकायत के अनुसार, मीटर उतारते ही आरोपी महिला और उसके पड़ोसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली निगम की टीम को चारों तरफ से घेर लिया और सरकारी गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने दिया।

Gurugram के गढ़ी वाजिदपुर गांव में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने न केवल टीम को काम करने से रोका, बल्कि सरकारी मीटर भी छीन लेने का आरोप है। इस मामले में सोहना डिवीजन के एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विद्युत अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सोहना डिवीजन के एसडीओ मुकेश गौड़ ने पुलिस को बताया कि 7 मार्च को निगम की एक विशेष टीम गढ़ी वाजिदपुर गांव में छापेमारी के लिए गई थी। इस टीम में जेई सोहनलाल, जेई जाहिद, लाइनमैन प्रेमपाल, रतिराम और पुलिस बल शामिल था। जांच के दौरान टीम ने पाया कि पूनम नामक महिला के घर पर मुख्य लाइन से अतिरिक्त तार डालकर सीधे तौर पर बिजली चोरी की जा रही थी। जैसे ही टीम ने सबूत के तौर पर मीटर उतारा, स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
शिकायत के अनुसार, मीटर उतारते ही आरोपी महिला और उसके पड़ोसियों ने हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली निगम की टीम को चारों तरफ से घेर लिया और सरकारी गाड़ी को आगे नहीं बढ़ने दिया। इस गहमागहमी के बीच आरोपियों ने निगम अधिकारियों के हाथ से सरकारी मीटर भी छीन लिया। माहौल बिगड़ता देख टीम को सुरक्षा कारणों से वहां से वापस लौटना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 221, 126(2), 3(5) , विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जांच अधिकारी एसआई ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और बिजली चोरी के इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।