Death Trap : गुरुग्राम का Bloody Hotel ‘खूनी होटल’: जहां ठहरने वालों के लिए बिछती थी मौत !
रेलवे स्टेशन के नजदीक "बसंत होटल" का वो कमरा, जो बन गया आनंद गोस्वामी की आखिरी मंजिल

Death Trap In Bloody Hotel :
साइबर सिटी गुरुग्राम का रेलवे स्टेशन इलाका वैसे तो हमेशा भीड़भाड़ से भरा रहता है, लेकिन ‘बसंत होटल’ की दीवारों के पीछे जो हुआ, उसने सबको झकझोर कर रख दिया है। झारखंड के धनबाद से सुनहरे भविष्य और काम की तलाश में आए 41 वर्षीय आनंद गोस्वामी को क्या पता था कि जिस होटल में वो पनाह ले रहे हैं, वही उनकी कब्रगाह बन जाएगा।
आधी रात का वो खौफनाक खेल
मामला 10 और 11 मार्च की दरमियानी रात का है। पुलिस तफ्तीश में जो खुलासा हुआ है, वो किसी हॉरर फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं है। होटल का सफाई कर्मचारी इंद्रजीत, जिसकी बहन की शादी अगले महीने थी, पैसों की हवस में अंधा हो चुका था। उसने देखा कि आनंद शराब के नशे में हैं और गहरी नींद में सो रहे हैं। चुपचाप कमरे में दाखिल होकर उसने आनंद का फोन चुराया ताकि पैसे ट्रांसफर कर सके। लेकिन जब आनंद की आंख खुली और उन्होंने अपना फोन मांगा, तो होटल के गलियारों में बहस शुरू हो गई। इसके बाद जो हुआ वो रूह कंपा देने वाला था। इंद्रजीत ने अपने साथी अरविंद उर्फ संजू के साथ मिलकर आनंद को कमरे में ले जाकर इस कदर पीटा कि उनकी जान निकल गई।
खून से लथपथ मिली लाश
अगली सुबह जब पुलिस होटल के उस कमरे में पहुंची, तो वहां का मंजर खौफनाक था। आनंद गोस्वामी खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे। फिंगरप्रिंट और सीन ऑफ क्राइम की टीमों ने कमरे के कोने-कोने को खंगाला, जिसके बाद पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया:
“सेक्टर-5 थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आनंद गोस्वामी हत्याकांड के दोनों मुख्य आरोपियों, इंद्रजीत और अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी इंद्रजीत को अपनी बहन की शादी के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले की गहनता से जांच जारी है। हम सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले।”
