Crime News : अगवा कर UPI से लूटे थे पैसे, इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ा
बदमाशों ने पीड़ित के मोबाइल से UPI के जरिए 50,000 ट्रांसफर करवा लिए और उसे सेक्टर-65 के पास फेंक कर फरार हो गए।

Crime News : लिफ्ट देने के बहाने एक युवक का अपहरण कर मारपीट करने और डिजिटल तरीके से लूटपाट करने वाले गिरोह के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वारदात में शामिल ₹5000 के इनामी बदमाश को सोहना से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहित (27), निवासी गांव लोहाटकी, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 3 मार्च 2024 की शाम को 24 वर्षीय पीड़ित सेक्टर-57 स्थित बूम प्लाजा के पास कैब का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक कार सवार बदमाशों ने उसे लिफ्ट देने का झांसा दिया।
युवक के मना करने पर आरोपियों ने उसे जबरन कार में खींच लिया और लोहे की रॉड से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने पीड़ित के मोबाइल से UPI के जरिए 50,000 ट्रांसफर करवा लिए और उसे सेक्टर-65 के पास फेंक कर फरार हो गए।
गुरुग्राम पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी मोहित पर ₹5000 का इनाम घोषित किया था। सेक्टर-56 थाना की टीम ने तत्परता दिखाते हुए 14 मार्च 2026 को आरोपी को सोहना इलाके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई 01 लोहे की रॉड और ₹21,000 की नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक दो मुख्य आरोपियों भूपेंद्र और मोहित की गिरफ्तारी हो चुकी है। आरोपी मोहित को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य नेटवर्क और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।