Crime News : होटल से चोरी करने वाला चोर को बस स्टैंड पर पकड़ा, बचने के लिए अंडरपास में कूदा

 20 मार्च की रात करीब 12:30 बजे जब मुकेश और कपिल बस स्टैंड के पास चाय पी रहे थे, तो उन्हें वही संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। पहचान पुख्ता होते ही उन्होंने उसे दबोच लिया।

Crime News : राजीव नगर के एक होटल में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पकड़ने के लिए फिल्मी ड्रामा देखने को मिला। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने बस स्टैंड के पास बने अंडरपास से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत सेक्टर-14 थाने में मामला दर्ज किया है।

मूल रूप से झज्जर निवासी मुकेश ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-12 स्थित ‘मान होटल’ में बतौर केयरटेकर कार्यरत है। बीती 14 मार्च की सुबह उनके कमरे से एक सैमसंग टैबलेट और उनके साथी कपिल का मोबाइल फोन गायब हो गया था। होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति कमरे से तेजी से बाहर निकलता दिखाई दिया। तभी से मुकेश और उसका साथी आरोपी की तलाश में जुटे थे।

 20 मार्च की रात करीब 12:30 बजे जब मुकेश और कपिल बस स्टैंड के पास चाय पी रहे थे, तो उन्हें वही संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। पहचान पुख्ता होते ही उन्होंने उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित (निवासी भीम नगर) बताया। घबराहट में अमित ने खुद को छुड़ाकर भागने का प्रयास किया और अंडरपास की दीवार फांदकर नीचे सड़क पर कूद गया।

ऊंचाई से गिरने के कारण आरोपी अमित के हाथ, पैर, पीठ और कोहनी समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर उसे सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी के शरीर पर 11 जगह चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस ने अस्पताल में आरोपी की निगरानी के लिए सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए हैं।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button