Gurugram की होंडा कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट के कर्मचारियों ने की हड़ताल, दस साल से सैलरी नहीं बढ़ाने का आरोप

गुरुवार सुबह शुरू हुआ यह प्रदर्शन फैक्ट्री परिसर के भीतर धरने के रूप में तब्दील हो गया, जिससे उत्पादन कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा।

Gurugram : औद्योगिक क्षेत्र आईएमटी मानेसर स्थित होंडा कंपनी के प्लांट में गुरुवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब वेतन वृद्धि की मांग को लेकर 500 से अधिक कॉन्ट्रैक्ट (कच्चे) कर्मचारियों ने अचानक काम रोककर हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 5 से 10 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद उनके वेतन में कोई सम्मानजनक बढ़ोतरी नहीं की गई है।

गुरुवार सुबह शुरू हुआ यह प्रदर्शन फैक्ट्री परिसर के भीतर धरने के रूप में तब्दील हो गया, जिससे उत्पादन कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। शाम होते-होते स्थिति तब और गंभीर हो गई जब प्रबंधन ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने पूरी रात कंपनी के मुख्य गेट के बाहर ही डेरा डाल दिया।

हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि गुरुग्राम जैसे महंगे शहर में 10,000 रुपये मासिक वेतन में गुजारा करना नामुमकिन है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार पिछले 10 वर्षों के अनुभव के बावजूद वेतन स्थिर बना हुआ है। शहर में कमरे का किराया और राशन का खर्च ही वेतन से ज्यादा बैठता है। ठेका कंपनी और मुख्य प्रबंधन कई सालों से मांगों को अनसुना कर रहे हैं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आईएमटी मानेसर थाना प्रभारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर जवान मौके पर मौजूद हैं, हालांकि प्रदर्शन अब तक शांतिपूर्ण रहा है।

अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (AITUC) के राज्य महासचिव अनिल पंवार ने जानकारी दी कि फिलहाल कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बातचीत का दौर चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि वेतन वृद्धि और बेहतर कार्यस्थल सुविधाओं की मांगों पर जल्द ही कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा। हड़ताल को लेकर प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया,लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। हालांकि गुरुवार देर रात तक मैनेजमेंट और कर्मचारियों की बीच बातचीत चल रही थी

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button