Collector Rate: आसमान छुएंगे गुरुग्राम में ज़मीन के दाम,145 प्रतिशत तक कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी का प्रस्ताव
प्रस्तावित बढ़ोतरी के अनुसार डीएलएफ फेज एक से चार सुशांत लोक और गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित पॉश इलाकों में सर्कल दरों में औसतन दस से 20 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है।

Collector Rate: गुरुग्राम में प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। जिला प्रशासन ने अगले वित्तीय वर्ष (2025-26) के लिए ज़मीन के नए प्रस्तावित दरें जारी कर दिए हैं, जिन्हें ‘कलेक्टर रेट’ कहा जाता है। इन नए रेट के लागू होने के बाद गुरुग्राम में घर या ज़मीन खरीदना काफी महंगा हो जाएगा।
प्रस्तावित कलेक्टर रेट के अनुसार द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बजघेड़ा गांव में खेती की ज़मीन की दरों में 145% तक की भारी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। सरहौल गांव में भी यह 108% तक बढ़ सकती हैं। पुराने गुरुग्राम के रिहायशी इलाकों में भी ज़मीन की कीमतें 77% तक बढ़ाने का प्रस्ताव है।
प्रस्तावित बढ़ोतरी के अनुसार डीएलएफ फेज एक से चार सुशांत लोक और गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित पॉश इलाकों में सर्कल दरों में औसतन दस से 20 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। ज्यादातर इलाकों में दस से 20 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 40 से 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है।
डीएलएफ फेज एक से पांच में आवासीय प्लॉटों की सर्कल दरों में औसतन 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। सेक्टर 25 में आवासीय प्लॉटों की सर्किल दर में 40% की भारी वृद्धि का प्रस्ताव है।
द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ लगे नए सेक्टरों में आवासीय प्लॉट की दरें 62% तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। सेक्टर 14 में प्रस्तावित दर में 34% की वृद्धि की गई है। गुरुग्राम गांव में आवासीय प्लॉट की सर्किल दर 77% तक बढ़ाने का प्रस्ताव है।
आप भी दे सकते हैं अपनी राय, लेकिन समय कम
जिला प्रशासन ने इन प्रस्तावित दरों पर आम लोगों से सुझाव या आपत्तियां मांगी हैं। आप इन रेट को जिला प्रशासन की वेबसाइट gurugram.gov.in पर देख सकते हैं। अपनी राय देने के लिए आपके पास कल (31 जुलाई, 2025) दोपहर 1 बजे तक का ही समय है। कुछ लोगों का कहना है कि यह समय बहुत कम है।