Bulldozer Action : भोंडसी और रिठौज में भू-माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 3.5 एकड़ में बसी अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई; 10 डीपीसी और 3 बाउंड्री वॉल ध्वस्त

Bulldozer Action : जिले के शहरी क्षेत्रों में अवैध कब्जे और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। जिला प्रशासन और नगर योजनाकार विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ भोंडसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजस्व संपदा गांव भोंडसी और रिठौज में बड़े स्तर पर तोड़फोड़ की कार्रवाई (Demolition Drive) को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई भोंडसी और रिठौज गांव की राजस्व भूमि पर विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों पर की गई। लगभग 3.5 एकड़ भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा बिना किसी अनुमति के निर्माण कार्य किया जा रहा था।तोड़फोड़ के दौरान 10 डीपीसी (DPC) और 3 बाउंड्री वॉल को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। कॉलोनियों के भीतर बिछाए गए पूरे पक्के और कच्चे सड़क नेटवर्क को उखाड़ दिया गया ताकि अवैध बसावट को रोका जा सके। कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भोंडसी थाना पुलिस का भारी बल मौके पर तैनात रहा।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई ऐसी अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। किसी भी प्लॉट या मकान को खरीदने से पहले विभाग से उसकी वैधता और लाइसेंस की जांच अवश्य कर लें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं (बिजली-पानी) का अभाव रहता है और भविष्य में भी ऐसी संपत्तियों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर योजनाकार विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी चिन्हित अवैध कॉलोनियों को ढहाया जाएगा। इसके साथ ही, इन कॉलोनियों को विकसित करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button