Bulldozer Action : सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाई गई थीं अवैध दुकानें, मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए हटाया कब्जा

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार  यह जमीन लगभग 20 साल पहले ही HSVP द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी थी।

Bulldozer Action : ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो रेल परियोजना को रफ्तार देने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बसई चौक के समीप मेट्रो मार्ग में बाधा बन रही सात अवैध दुकानों को बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया, हालांकि प्रशासन की पूर्व तैयारी के चलते मौके पर कोई बड़ा विरोध देखने को नहीं मिला।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार  यह जमीन लगभग 20 साल पहले ही HSVP द्वारा अधिग्रहित की जा चुकी थी। लेकिन बीते तीन वर्षों में यहाँ अवैध रूप से सात दुकानों का निर्माण कर लिया गया था। लगभग 400 वर्ग गज क्षेत्र में फैली इन दुकानों में वर्कशॉप, कंप्यूटर रिपेयरिंग और परचून का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय व्यक्ति ने इन सरकारी जमीनों पर कब्जा कर दुकानें किराए पर चढ़ा रखी थीं, जिससे वह हर महीने करीब 70 हजार रुपये की अवैध कमाई कर रहा था।

HSVP के उपमंडल अभियंता अजमेर सिंह की देखरेख में तोड़फोड़ दस्ता दोपहर 12 बजे बसई गांव पहुंचा। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) और HSVP की संयुक्त पैमाइश में इन दुकानों को मेट्रो पिलर और अलाइनमेंट के लिए बड़ी बाधा माना गया था। प्रशासन ने पिछले सप्ताह ही दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिए थे और मंगलवार को इलाके में मुनादी (घोषणा) भी कराई गई थी।

28.5 किलोमीटर लंबे इस मेट्रो रूट पर कुल 27 स्टेशन बनने हैं। बसई चौक के पास हुई इस कार्रवाई से अब निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। कनिष्ठ अभियंता ललित हंस ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा इस जमीन पर अतिक्रमण की कोशिश की गई, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button