Bangladeshi : गुरुग्राम में हिंदू नाम से आधार कार्ड बनवाकर रह रहे थे बांग्लादेशी नागरिक, पकड़े गए तो हुआ बड़ा खुलासा
एटीएस की बड़ी कार्रवाई: 14 घुसपैठिए गिरफ्तार, कोई 19 साल से तो कोई हिंदू नाम बदलकर कर रहा था फर्जीवाड़ा; बंगाल से गुरुग्राम तक फैला था नेटवर्क

Bangladeshi/गुरुग्राम
गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी (Bangladeshi) नागरिकों को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। स्थानीय स्तर पर चुपचाप श्रमिक के रूप में काम कर रहे ये लोग सिर्फ अवैध घुसपैठिए नहीं थे, बल्कि कागजों में पक्के भारतीय तक बन चुके थे। मामला तब उजागर हुआ जब एटीएस (ATS), एसओजी नूंह और एसओजी रोहतक की संयुक्त टीम ने एक बड़े अभियान के तहत सेक्टर-65, सेक्टर-84 और मानेसर की झुग्गियों से 14 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।
फर्जीवाड़े की परतें खुलीं तो अधिकारी भी हैरान रह गए
जांच में सामने आया कि पकड़े गए Bangladeshi आरोपियों में से कुछ के पास वोटर आईडी, पासपोर्ट तो कुछ के पास भारतीय पहचान पत्र मौजूद थे। सभी को मानेसर के डिटेंशन सेंटर में भेज दिया गया है। पूछताछ में हैरान करने वाली बातें सामने आईं—कोई पांच-छह महीने पहले आया था, तो कोई 10 से 15 साल से यहीं डेरा जमाए बैठा था। इनमें एक व्यक्ति ऐसा भी था जो पूरे 19 साल से गुरुग्राम की गलियों में इस तरह घुल-मिल गया था कि किसी को भनक तक नहीं लगी। ये लोग निर्माणाधीन साइटों पर मजदूरी करते थे और अपने परिवारों के साथ झुग्गियों में रह रहे थे।
हिंदू नाम से बनवा लिया आधार कार्ड
इस पूरे फर्जीवाड़े में सबसे चौंकाने वाला मामला Bangladeshi राजू आलम का सामने आया। उसने फर्जीवाड़े को एक कदम और आगे बढ़ाते हुए फर्जी कागजातों के आधार पर हिंदू नाम से अपना आधार कार्ड तक बनवा लिया था, ताकि किसी भी पूछताछ या जांच के दौरान शक की कोई गुंजाइश न बचे।
जांच में यह भी पता चला कि पकड़े गए 14 Bangladeshi लोगों में से पांच ऐसे हैं जो 10 से 15 साल पहले भारत आए थे। ये लोग पहले पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में रुके, वहीं के पते पर फर्जी आधार कार्ड बनवाए और फिर काम की तलाश में गुरुग्राम के बाहरी इलाकों में आकर बस गए। इससे साफ है कि बंगाल से लेकर गुरुग्राम तक फर्जी पहचान पत्र तैयार करने का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय था।
दलालों और फर्जीवाड़ा करने वालों पर कसेगा शिकंजा
पकड़े गए सभी 14 लोगों के पास से असली Bangladeshi पहचान पत्र भी बरामद हुए हैं। अब सुरक्षा एजेंसियों की जांच का दायरा उन दलालों और मददगारों की तरफ घूम गया है, जिन्होंने इन घुसपैठियों के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने में मदद की थी। पुलिस कड़ियां जोड़ने में जुटी है और ऐसे लोगों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार किए गए लोगों में मो. लुतफोर रहमान, मो. राजू मियां, साकिब हुसैन, मो. तारेकुल इस्लाम, इलियास अली, फेरुज इस्लाम, अनारुल हक, साकिब राणा, गुलाम रब्बानी, ज्वेल राणा, अनवर हुसैन, आरिफुल उर्फ अलाउद्दीन, मसूद राणा और राजू आलम शामिल हैं।
एक साल में 100 से ज्यादा बांग्लादेशी (Bangladeshi) गिरफ्तार
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अकेले गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में 2000 से ज्यादा Bangladeshi और रोहिंग्या रह रहे हैं। पुलिस इस साल अब तक 100 से अधिक बांग्लादेशियों को पकड़ चुकी है, जिनमें से अकेले एक हफ्ते के भीतर 30 लोग धरे गए हैं। प्रशासन का कहना है कि इन सभी को जल्द वापस डिपोर्ट (देश निकाला) किया जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
