Gurugram में AI पास करेगा मकान का नक्शा: नगर निगम ला रहा है खास पोर्टल, उल्लंघन करने वालों की खैर नहीं

इस प्रक्रिया में निगम अधिकारियों की दखलंदाजी न के बराबर होगी। एआई द्वारा तैयार रिपोर्ट के आधार पर ही नक्शा पास या रद्द करने का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Gurugram : साइबर सिटी गुरुग्राम में अब मकान का नक्शा पास कराना न केवल आसान होगा, बल्कि पूरी तरह पारदर्शी भी हो जाएगा। गुरुग्राम नगर निगम (MCG) नक्शा पास करने की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के लिए एक नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है। इस तकनीक के आने से मानवीय हस्तक्षेप खत्म होगा और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी।

 नए पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें एआई तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। जैसे ही कोई आवेदन पोर्टल पर अपलोड होगा, एआई सिस्टम खुद-ब-खुद दस्तावेजों की छंटनी करेगा और सबमिट किए गए नक्शे की हरियाणा बिल्डिंग कोड के नियमों के तहत जांच करेगा। यदि नक्शे में नियमों की थोड़ी सी भी अनदेखी की गई होगी, तो एआई तुरंत उसे पकड़ लेगा और उसकी रिपोर्ट तैयार कर देगा।

इस प्रक्रिया में निगम अधिकारियों की दखलंदाजी न के बराबर होगी। एआई द्वारा तैयार रिपोर्ट के आधार पर ही नक्शा पास या रद्द करने का अंतिम निर्णय लिया जाएगा। गुरुग्राम के नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि टीम इस पोर्टल पर काम कर रही है और इसे जल्द ही सक्रिय कर दिया जाएगा।

वर्तमान में प्रदेश स्तर पर चल रहा ‘होब पास’ पोर्टल पिछले छह महीनों से तकनीकी खराबियों के कारण ठप पड़ा है। इसके कारण हजारों लोगों के नक्शे लटके हुए हैं। लंबी प्रक्रिया से बचने के लिए लोग अक्सर बिना नक्शा पास कराए अवैध निर्माण कर लेते हैं। आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम में हर साल करीब 5,000 अवैध भवन बनते हैं, जबकि नक्शा पास कराने के लिए केवल 500 आवेदन ही आते हैं। नगर निगम को उम्मीद है कि इस नए और तेज सिस्टम से लोग खुद आगे आकर नक्शा पास कराएंगे।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button