दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गुरुग्राम पुलिस के हवलदार को एसीबी ने पकड़ा

शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी गई शिकायत में बताया कि उसके खिलाफ आनंद गार्डन पुलिस चौकी में लड़ाई-झगड़े की शिकायत दर्ज थी। इस शिकायत की जांच मुख्य सिपाही नरेंद्र कर रहा था।

Gurugram News Network – हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की गुरुग्राम टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आनंद गार्डन पुलिस चौकी, राजेंद्र पार्क थाने में तैनात मुख्य सिपाही नरेंद्र को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, गुरुग्राम थाने में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी गई शिकायत में बताया कि उसके खिलाफ आनंद गार्डन पुलिस चौकी में लड़ाई-झगड़े की शिकायत दर्ज थी। इस शिकायत की जांच मुख्य सिपाही नरेंद्र कर रहा था।

नरेंद्र ने शिकायतकर्ता से कहा कि यदि वह इस शिकायत पर समझौता चाहता है तो उसे ₹10,000 नकद रिश्वत देनी होगी। मुख्य सिपाही ने शिकायतकर्ता को यह धमकी भी दी थी कि यदि उसने समझौता नहीं किया तो वह उसके खिलाफ मामला दर्ज कर देगा। शिकायतकर्ता ने यह भी खुलासा किया कि नरेंद्र पहले भी उससे ₹4,000 की रिश्वत ले चुका था।

शिकायत की पुष्टि के बाद, एसीबी गुरुग्राम ने अपनी टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुख्य सिपाही नरेंद्र को ₹10,000 की रिश्वत राशि के साथ मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही, आरोपी के पास से पहले ली गई ₹4,000 की राशि भी बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है और जांच की जा रही है। एसीबी का यह कदम पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत संदेश देता है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button