Gurugram में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा,कमरे की छत गिरने से युवक की मौत, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की है। सतीश उस वक्त खाना बना रहा था और उसका साथी रवि बर्तन साफ कर रहा था। तभी अचानक पूरी छत भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई।

Gurugram : साइबर सिटी के उद्योग विहार इलाके के गांव डूडाहेड़ा में शुक्रवार रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। एक पुरानी और जर्जर कॉलोनी के कमरे की छत अचानक गिर गई, जिसमें दबकर 28 वर्षीय सतीश माली की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मकान मालिक और केयरटेकर की लापरवाही को इस मौत का जिम्मेदार माना है।
मृतक के भाई श्रवण माली ने पुलिस को बताया कि सतीश और उसका दोस्त रवि झा पिछले काफी समय से ओमप्रकाश की कॉलोनी में किराये पर रह रहे थे। यह कॉलोनी करीब 40 साल पुरानी है और इसकी हालत बेहद खराब थी। पीड़ितों ने कई बार मकान मालिक ओमप्रकाश और केयरटेकर राकेश को छत की मरम्मत के लिए कहा था क्योंकि बरसात में छत से पानी टपकता था। आरोप है कि मरम्मत कराने के बजाय मालिक ने उन्हें डांट कर भगा दिया और किराये के लालच में कमरा खाली नहीं करने दिया।
घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की है। सतीश उस वक्त खाना बना रहा था और उसका साथी रवि बर्तन साफ कर रहा था। तभी अचानक पूरी छत भरभरा कर उनके ऊपर गिर गई। छत का छज्जा टूटने से गली से मोटरसाइकिल पर गुजर रहे राहुल और उसकी पत्नी कीर्ति भी मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।
सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मलबे से लोगों को बाहर निकाला। घायलों को सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से रवि झा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की निम्नलिखित धाराओं में केस दर्ज किया है