Electricity Theft: गुरुग्राम में बिजली चोरों पर बड़ा शिकंजा, पहले ही दिन 1.51 करोड़ की चोरी बेनकाब, सोहना सबसे आगे
बिना किसी स्थानीय दबाव के कार्रवाई करने के लिए दूसरे जिलों से बुलाए गए अधिकारी; सर्कल-टू में सर्वाधिक 91.39 लाख रुपये की बिजली चोरी पकड़ी गई

Electricity Theft/गुरुग्राम
शहर में बढ़ते बिजली चोरी (Electricity Theft) के मामलों पर लगाम लगाने और राजस्व नुकसान को रोकने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने सख्त रुख अपना लिया है। निगम द्वारा गुरुवार से शुरू किए गए एक विशेष चेकिंग अभियान के पहले ही दिन टीमों ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 1.51 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली चोरी पकड़ी है। इस कार्रवाई में गुरुग्राम का सर्कल-टू बिजली चोरी के मामले में सबसे आगे रहा।
इन इलाकों में पकड़ी गई सबसे ज्यादा चोरी (Electricity Theft)
निगम की टीमों द्वारा की गई दिनभर की जांच में सर्कल-टू के अंतर्गत सर्वाधिक 91.39 लाख रुपये और सर्कल-वन में 60.45 लाख रुपये की बिजली चोरी (Electricity Theft) के मामले सामने आए हैं। उपमंडल (सब-डिवीजन) स्तर पर आंकड़ों की बात करें तो सर्कल-टू का सोहना इलाका सबसे आगे रहा, जहां अकेले 22 लाख रुपये की चोरी पकड़ी गई। इसके अलावा सुशांत लोक उपमंडल में 15 लाख रुपये और बादशाहपुर उपमंडल में 12 लाख रुपये की बिजली चोरी का खुलासा हुआ है।
स्थानीय दबाव से बचने के लिए बाहर से बुलाए गए अधिकारी
इस अभियान को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए निगम के प्रबंध निदेशक (MD) विक्रम सिंह के निर्देश पर हिसार मुख्यालय के चीफ इंजीनियर ने विशेष रणनीति तैयार की है। आदेश के तहत, स्थानीय स्तर पर किसी भी तरह के राजनीतिक या सामाजिक दबाव को खत्म करने के लिए दूसरे क्षेत्रों के अधिकारियों को जांच की कमान सौंपी गई है। इस विशेष टीम में बाहरी क्षेत्रों से दो-दो उपमंडल अभियंता (SDO) और तीन-तीन कनिष्ठ अभियंता (JE) तैनात किए गए हैं, जिन्होंने सुबह से ही अपने निर्धारित इलाकों में दबिश देनी शुरू कर दी थी।
सर्दियों में बढ़ी खपत के कारण तेज हुआ अभियान
अधिकारियों के मुताबिक, सर्दियों का मौसम शुरू होते ही हीटर, गीजर और अन्य भारी बिजली उपकरणों का उपयोग काफी बढ़ जाता है, जिससे बिजली की मांग और खपत में तेजी आती है। इसी आड़ में कई उपभोक्ता अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल करते हैं। निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि राजस्व की हानि को रोकने के लिए यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में भी जिले के अन्य क्षेत्रों में इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
