New Buses : रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी 500 नई बसें: गुरुग्राम समेत 21 शहरों के रूटों पर दौड़ेंगी नई गाड़ियां, सफर होगा आसान

राज्य परिवहन निदेशालय ने 500 नई बसों की डिपो-वार सूची की जारी; गुरुग्राम समेत एनसीआर और प्रदेश के 21 शहरों में खत्म होगी बसों की किल्लत

New Buses/गुरुग्राम
हरियाणा रोडवेज की बसों में सफर करने वाले गुरुग्राम के दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। लंबे समय से बसों की कमी झेल रहे गुरुग्राम डिपो को जल्द ही 20 नई स्टैंडर्ड नॉन-एसी डीजल बसें (New Buses) मिलने जा रही हैं। राज्य परिवहन निदेशालय ने प्रदेश भर के लिए खरीदी जा रही 500 नई बसों का डिपो-वार आवंटन अंतिम रूप से जारी कर दिया है, जिससे शहर के लोकल और अंतरराज्यीय रूटों पर बसों की आवाजाही सुगम हो जाएगी।

निदेशालय की ओर से बस निर्माता कंपनी अशोक लेलैंड लिमिटेड को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि वह सप्लाई ऑर्डर और निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक सभी डिपो में बसों (New Buses) की डिलीवरी समय पर सुनिश्चित करे। इससे पहले 11 नवंबर को भी इस संबंध में पत्र जारी किया गया था। साथ ही, गुरुग्राम समेत सभी संबंधित डिपो के रोडवेज महाप्रबंधकों (GM) को आदेश दिए गए हैं कि वे कंपनी के साथ बेहतर समन्वय बनाकर बसों की रिसीविंग और पार्किंग आदि की आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर लें।


गुरुग्राम और एनसीआर के जिलों को बड़ी सौगात : New Buses

परिवहन निदेशालय की आवंटन सूची के तहत गुरुग्राम डिपो को 20 नई बसें (New Buses) मिली हैं। इसके अलावा एनसीआर के अन्य प्रमुख शहरों फरीदाबाद को 26, दिल्ली को 20, झज्जर को 16, रेवाड़ी को 20, सोनीपत को 20 और नारनौल को 20 बसें आवंटित की गई हैं। वहीं, प्रदेश के अन्य डिपो में भिवानी को सर्वाधिक 40, यमुनानगर को 35, सिरसा को 32, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र व फतेहाबाद को 25-25, जींद, करनाल, पानीपत, अंबाला व पंचकूला को 20-20, चंडीगढ़ को 14 तथा चरखी दादरी को 12 बसें दी गई हैं। इस तरह कुल 500 नई बसों का बंटवारा किया गया है।


सुबह-शाम की मारामारी और प्राइवेट वाहनों की मनमानी से मिलेगी मुक्ति :New Buses

गुरुग्राम जैसे औद्योगिक और कॉर्पोरेट हब में रोजाना लाखों लोग सफर करते हैं, लेकिन डिपो में कई पुरानी बसों के कंडम होने या वर्कशॉप में खड़े रहने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। विशेष रूप से सुबह और शाम के पीक आवर्स में बसें न मिलने से दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, कॉलेज छात्रों और ग्रामीण इलाकों से आने वाले यात्रियों के रूट मिस हो जाते थे। मजबूरी में लोगों को निजी वाहनों या ऑटो में मनमाना किराया देकर सफर करना पड़ता था।


बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी, सफर होगा सुरक्षित : New Buses

गुरुग्राम डिपो के बेड़े में 20 नई बसें (New Buses) जुड़ने से न केवल बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी,
बल्कि ग्रामीण और बाहरी रूटों पर भी नियमित सेवा बहाल हो सकेगी। पुरानी बसों में आए दिन होने वाले ब्रेकडाउन, धुएं और टूटी सीटों की समस्या से भी यात्रियों को निजात मिलेगी। नई बसों के संचालन से यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें सुरक्षित व आरामदायक सफर मिलेगा, जिससे रोडवेज के राजस्व में भी इजाफा होने की पूरी उम्मीद है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤