शहर
वार्ड-34 में बिछ गई चुनावी बिसात, हो सकता है बड़ा उलटफेर
Gurugram News Network- वार्ड-34 से पार्षद आर एस राठी के निधन के बाद रिक्त हुई सीट पर चुनाव आयोग ने चुनाव की घोषणा कर दी है। ऐसे में अब उम्मीदवारों ने भी इस सीट पर अपनी दावेदारी की ताल ठोक दी है। इस दावेदारी में ताल ठोक रहे उम्मीदवार जिले सिंह ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को वार्ड में आयोजित एक जनसभा के दौरान पूर्व सरपंच महेश मौके पर पहुंचे और उन्होंने उम्मीदवार जिले सिंह को अपना समर्थन दिया है।
क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके पूर्व सरपंच के समर्थन के बाद अब जिले सिंह की इस वार्ड से पार्षद पद के लिए दावेदारी और अधिक मजबूत हो गई है। पूर्व सरपंच के समर्थन देने के साथ ही लोगों में जिले सिंह के प्रति आस्था और अधिक बढ गई है। समर्थन मिलने से गदगद हुए जिले सिंह व स्थानीय लोगों ने पूर्व सरपंच महेश का सभा के दौरान पगड़ी बांधकर सम्मान किया।
बता दें कि पूर्व सरपंच महेश लंबे समय तक आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। उनका क्षेत्र में अलग ही वर्चस्व है। ऐसे में उनका किसी उम्मीदवार को समर्थन देना पूरे चुनाव परिणाम की बाजी को पलट सकता है। महेश के समर्थन के बाद यह तय माना जा रहा है कि वार्ड-34 के पार्षद के पद पर जिले सिंह की आसीन होंगे। हालांकि इस वार्ड से पार्षद रहे आर एस राठी भी लंबे समय तक आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। उन्होंने भी अपने समर्थन में यहां बड़ा जनाधार तैयार किया था। आर एस राठी के निधन के बाद उनकी पत्नी एवं पूर्व पार्षद रमा रानी राठी ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है। इसके कारण आर एस राठी का जनाधार अचंभित हो गया और उन्होंने किनारा करना शुरू कर दिया। इसका फायदा भी जिले सिंह को मिलने की सम्भावना है।
रमा रानी राठी के भाजपा ज्वाइन करने से लोगों का मानना है कि भाजपा की सीट पर रमा रानी राठी की ही दावेदारी हो सकती है। ऐसे में लोगों की उनके प्रति आस्था कम हुई है। हालांकि भाजपा ने इस सीट पर अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।
उधर, पूर्व सरपंच का साथ मिलने के बाद जिले सिंह के हौंसले बुलंद हो गए हैं। जिले सिंह ने पार्षद पद के चुनाव में आर एस राठी को कांटे की टक्कर दी थी। उस वक्त उन्हें पूर्व सरपंच महेश का साथ नहीं मिला था। अब साथ मिलने के बाद उन्हें विश्वास है कि इस सीट पर उनकी जीत निश्चित है।