Gurugram News Network – शहर में हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों का आंदोलन अब धीरे-धीरे उग्र होता जा रहा है। प्रशासन ने शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जब स्वीपिंग मशीन को भेजा तो सफाई कर्मचारी गुस्सा हो गए और उन्होंने रेलवे रोड पर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और जाम लगा रहे लोगों को समझाया। मशीन के बिना काम किए वापस भेजने की बात पर ही कर्मचारियों का गुस्सा शांत हुआ।
सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर नौ दिन से हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों ने सरकार को ज्ञापन भेजकर कच्चे कर्मचारियों को पक्का किए जाने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने उनकी मांग की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जिसके बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी। लगातार समझाने के बावजूद भी जब कर्मचारी हड़ताल से पीछे नहीं हटे तो प्रशासन ने बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने का जिम्मा निजी संस्थाओं को दे दिया जिसके बाद कर्मचारियों ने शुक्रवार रात को यह पूरा बवाल किया।
यूनियन पदाधिकारियों राम सिंह, सुरेंद्र समेत अन्य का कहना है कि यदि प्रशासन शहर की सफाई करा देगा तो उनकी हड़ताल बेअसर हो जाएगी। ऐसे में जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मान लेती तब तक वह हड़ताल पर डटे रहेंगे।वहीं जिला उपायुक्त निशांत यादव का कहना है कि उन कर्मचारी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है तो दूसरे कर्मचारियों को काम करने से रोक रहे हैं।