Haryana: हरियाणा के अग्निशमन कर्मचारी करेंगें मंत्री के घर का घेराव, सरकार के न मानने पर की जाएगी भूख हड़ताल
हरियाणा के अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मांगों को लेकर 30 मार्च को फरीदाबाद में स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के आवास का घेराव करेंगे। मांगें न मानने पर 9 और 11 अप्रैल को जिलास्तर पर मांग पत्र सौंपे जाएंगे।
फिर भी सरकार नहीं मानी, तो 24 और 25 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर भूख हड़ताल की जाएगी। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा शाखा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ के राज्यस्तरीय सम्मेलन में यह निर्णय लिया गया।
कर्मचारियों की मांगों की हो रही अनदेखी
राज्य प्रधान राजेंद्र सिन्द की अध्यक्षता में सुखपुरा चौक के पास कर्मचारी भवन में हुए सम्मेलन का संचालन राज्य महासचिव सुखदेव सिंह ने किया।
सिन्द ने बताया कि सरकार प्रदेश लंबे समय से कार्यरत पे-रोल, नियमित व कौशल निगम कर्मचारियों की लंबित मांगों की अनदेखी कर रही है।
इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि महानिदेशक से हुई वार्ता का भी अभी तक कोई सकारात्मक नतीजा नहीं निकल पाया है।
ऐसे में प्रदेश भर से फायर ब्रिगेड के कर्मचारी 30 मार्च को फरीदाबाद में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन व निकाय मंत्री विपुल गोयल के निवास का घेराव करेंगे।
इस दौरान राज्य संगठन सचिव संतोष कुमार, उप महासचिव देवेंद्र लोहान, उप प्रधान विजय शर्मा, राजीव खत्री, राज्य नेता सुनील कुंडू, राजेश खीचड़, शाहूंन खान, रमेश पहल, जसबीर सिंह व रणदीप सिंह आदि मौजूद रहे।