हरियाणा में सगी बहनों को लेकर फरार हुआ भाई का दोस्त, बड़ी को खुद रखा, छोटी बहन को किया दोस्त के हवाले

हरियाणा के पानीपत में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक मुंहबोला भाई अपनी दो सगी बहनों को लेकर फरार हो गया। लड़कियों के पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी उनके बेटे का दोस्त और उसी से मिलने के बहाने वो अक्सर घर पर आया करता था। रक्षाबंधन पर कई बार वो लड़कियों से राखी भी बंधवाता था।
हैरान कर देने वाली बात ये है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब युवक दोनों लड़कियों को भगा ले गया है। लड़िकयों के पिता की मानें तो 3 महीने पहले भी युवक दोनों लड़कियों को अपने साथ ले गया था। पिता ने बताया कि बड़ी बेटी को वो अपने लिए और छोटी बेटी को अपने दोस्त केलिए लेकर गया है।
पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने अब पिता की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के साथ दोनों लड़कियों की तलाश की जा रही है।
31 जनवरी की शाम को लापता हुई थी दोनों बेटियां
लड़कियों के पिता ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला है। उसकी दो बेटियां हैं जिनमें बड़ी बेटी 18 और छोटी बेटी 16 साल की है। दोनों ही 31 जनवरी की शाम करीब 5 बजे से घर से लापता हैं। परिवार ने लड़कियों को ढूंढने की बड़ी कोशिश की लेकिन वो कहीं नहीं मिलीं।
पिता ने पुलिस को बताया आरोपी का नाम
पिता ने गोंडा जिले के रहने वाले 35 वर्षीय बृजेश पर लड़कियों को भगाने का आरोप लगया है। वह शादीशुदा है और 2 बच्चों का पिता है। लड़कियों के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवक बड़ी बेटी को अपने साथ रखता है और छोटी बेटी को अपने दोस्त सोनू निवासी गांव बिंझौल के हवाले कर देता है। साथ ही पिता ने बताया कि पिछले साल 22 नवंबर को भी आरोपी दोनों लड़कियों को लेकर फरार हो गया था।
लड़कियों को थाने में छोड़ गया था आरोपी
3 महीने पहले जब आरोपी लड़कियों को लेकर गया था तो कुछ ही दिन बाद वो उन्हें थाने में ही छोड़ गया था। चूंकी लड़कियों की सकुशल बरामदगी हो गई थी इसलिए पुलिस ने ये मामला ट्रेस आउट में डाल दिया था।
इसके बाद परिवार लड़कियों को घर ले गया और उन्होंने काफी समझाया। परिवार को भरोसा था कि लड़कियां अब दोबारा ऐसा नहीं करेंगी।
बेटे का दोस्त था उसी से मिलने के बहाने आता था
पिता ने बताया कि जब आरोपी पिछली बार लड़कियों को अपने साथ ले गया था तो वापस आने पर दोनों लड़कियों की मांग में सिंदूर भरा हुआ था।
उन्होंने बताया कि आरोपी उनके बेटे का दोस्त था और उसी से मिलने के बहाने घर पर आया करता था। जब पहली बार वह लड़कियों को ले गया, तब परिवार में किसी को यकीन नहीं हुआ था कि बृजेश ऐसा काम कर सकता है।
पुलिस बोली- दोनों लड़कियों की तलाश जारी
इस बारे में पुराना औद्योगिक थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र का कहना है की शिकायत के आधार पर BNS की धारा 127(6) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। विभिन्न पहलुओं के आधार पर दोनों लड़कियों की तलाश जारी है।