शहर

कर्मचारियों ने ठप किया सरकारी अस्पताल में कामकाज

Gurugram News Network – तीन महीने से वेतन न मिलने व हरियाणा कौशल रोजगार निगम योजना के तहत कर्मचारी नियुक्ति में हुए बदलाव ने बुधवार को सेक्टर-10 सरकारी अस्पताल में कामकाज को ठप करा दिया। यहां ठेके पर लगाए गए कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर दिया और सरकार व स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गई। कर्मचारियों व अधिकारियों की करीब दो घंटे तक हुई मीटिंग के बाद कर्मचारी वापस काम पर लौट गए।

 

दरअसल, ठेके पर लगे कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। हाल ही में इन कर्मचारियों ने जब अस्पताल में कामकाज ठप किया था तो अस्पताल प्रबंधन ने तीन दिन का समय मांगा था, लेकिन अब तक उन्हें वेतन नहीं मिला। इसके साथ ही सरकार ने जिले के विभिन्न विभागों में लगे ठेके के कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम योजना के तहत काम पर लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक पद के लिए न्यूनतम शिक्षा का निर्धारण किया गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग में ठेके पर कार्य कर रहे कर्मचारियों की जब लिस्ट तैयार की जाने लगी तो वह भड़क गए।

 

सरकारी अस्पताल में लगे कर्मचारियों की शिक्षा अधिक नहीं है। ऐसे में उन्हें नौकरी से निकाले जाने का डर सताने लगा। इससे खफा होकर बुधवार सुबह कर्मचारियों ने कामकाज पूरी तरह से ठप कर दिया। कर्मचारियों ने सरकार व स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर दी। ऐसे में अस्पताल में आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डॉक्टर रूम के बाहर खडे मरीजों को व्यवस्थित करने समेत लैब में खून जांच की व्यवस्था ठप हो गई।

 

आनन फानन में कुछ देर के लिए व्यवस्था को सुरक्षाकर्मियों से संभालने का प्रयास किया। धरना प्रदर्शन किए जाने की सूचना जब अस्पताल प्रबंधन को मिली। अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। इसके अलावा उनके वेतन को लेकर स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से बात करके जल्द से जल्द वेतन दिलवाने का आश्वासन दिया है। इस आश्वासन के बाद कर्मचारी वापस काम पर लौट गए हैं। करीब तीन घंटे तक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रही हैं।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker