नगर निगम कार्यालय के बाहर पॉश सोसाइटी के लोगों ने किया प्रदर्शन, जानें वजह
पेयजल किल्लत को लेकर परेशान आरडी सिटी निवासियों का फूटा गुस्सा, नगर निगम अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
Gurugram News Network- शहर की पॉश सोसाइटी आरडी सिटी में रहने वाले लोगों का आज नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि जब से नगर निगम ने उनकी सोसाइटी को टेकओवर किया है तब से उनकी सोसाइटी में पेयजल किल्लत हो गई है। इसकी शिकायत करने के बाद भी निगम अधिकारी सुध नहीं ले रहे हैं। गुस्साए लोगों ने आज नगर निगम कार्यालय के बाहर जमकर बवाल किया और अधिकारियों पर गंभीर आरोप भी लगाए।
आरडी सिटी आरडब्ल्यूए प्रधान प्रवीण यादव सहित स्थानीय निवासी ओम प्रकाश, चेताली सहित अन्य ने बताया कि उनकी सोसाइटी करीब 25 साल पुरानी है। दो साल पहले नगर निगम ने उनकी सोसाइटी को टेकओवर किया है। सोसाइटी टेकओवर करने के बाद से नगर निगम के अधिकारियों ने सोसाइटी की सुध तक नहीं ली है। आए दिन पानी की किल्लत सोसाइटी निवासियों को भुगतनी पड़ती है। करोड़ों रुपए का आशियाना बनाने के बाद भी उन्हें पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। निगम अधिकारी उनकी समस्या का समाधान करने की बजाय कोई न कोई बहाना बना देते हैं। जिस इंफ्रास्ट्रक्चर को नगर निगम अधिकारी कम होने की बात कहते हैं उसी इंफ्रास्ट्रक्चर पर बिल्डर भी लोगों को सुविधाएं दे रहा था, लेकिन निगम अधिकारी काम करने की बजाय जनता की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने नगर निगम अधिकारियों पर क्षेत्र की अनदेखी करने और मनमानी करने का आराेप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों को यहां हो रही लोगों की परेशानी नजर नहीं आ रही जबकि जेई द्वारा तैयार की गई झूठी रिपोर्ट में सब कुछ सही व सुचारू होना नजर आ रहा है। हर बार अधिकारी उन्हें जल्द ही समस्या का समाधान होने व क्षेत्र के विकास के लिए टेंडर प्रोसेस जल्द पूरा होने की बात कहकर टाल देते हैं, लेकिन यह कार्य धरातल पर कब पूरा होगा इसका कोई जवाब अधिकारी नहीं दे रहे हैं। इससे खफा होकर ही लोगों ने आज नगर निगम कार्यालय का घेराव करते हुए अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि अगर अधिकारियों ने उनकी सुनवाई नहीं की तो वह एक बड़ा आंदोलन भी करने से पीछे नहीं हटेंगे।