Gurugram News Network- पानी की बर्बादी करने वाले सावधान हो जाओ। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) द्वारा शुक्रवार तीन नवंबर को पेयजल आपूर्ति बंद की जाएगी। इसके कारण करीब 10 लाख लोगों को पेयजल नहीं मिल सकेगा। अधिकारियों की मानें तो वाटर शटडाउन सुबह 10 बजे से शुरू होगा जो रात 8 बजे तक रहेगा। कार्य पूरा होने के बाद पेयजल आपूर्ति सुचारू की जाएगी।

GMDA प्रवक्ता नेहा शर्मा ने बताया कि साउथ सिटी-1 शीशपाल विहार के पास और कन्हई सरकारी स्कूल के पास पेयजल की 1000 व 800 एमएम की मुख्य लाइन में लीकेज है। इस लाइन की मरम्मत की जानी है। लाइन मरम्मत करने के लिए सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन के लिए जाने वाली पेयजल आपूर्ति को बंद रखा जाएगा। इसके कारण सेक्टर-42 से 74 सहित बादशाहपुर में पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।
अनुमान है कि इन क्षेत्रों में करीब 10 लाख लोग रहते हैं जिन्हें पेयजल नहीं मिल पाएगा। उन्होंने बताया कि कार्य को रात 8 बजे तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से चलेगी।