Gurugram News Network - हरियाणा स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने जीरो टोलरेंस की नीति अपनाते हुए तीन अलग-अलग विभागों में रेड कर चार रिश्वतखोर कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह लोगों के काम करने की ऐवज में रिश्वत ले रहे थे। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस के प्रवक्ता जितेंद्र कुमार के मुताबिक, एक ठेकेदार ने विजिलेंस अधिकारियों को बताया कि उसने कुछ समय पहले सेक्टर-22 पार्क में काम किया था। इसके बिल विभाग में लंबित पड़े हैं। बागबानी विभाग के जेई मुकेश कुमार ने बिल पास कराने की ऐवज में 60 हजार रुपए कमीशन मांगी थी। जिसे टीम ने काबू कर लिया।
वहीं, दूसरे मामले में एक व्यक्ति से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कंप्यूटर ऑपरेटर चंद्रशेखर को काबू किया है। उसने शिकायतकर्ता से भवन निर्माण कार्य का लाइसेंस बनवाने की एवज में 5 हजार रुपए लिए थे। इसके साथ ही विजिलेंस ने सिंचाई विभाग के जेई नवीन को भी काबू किया है। उसने शिकायतकर्ता से इस कार्य के लिए पहले ही 20 हजार रुपए ले लिए थे।
वहीं, तीसरे मामले में कादीपुर उप तहसील के अंतर्गत वसीका लिपिक वेद प्रकाश ने एक व्यक्ति से 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। व्यक्ति ने एक महिला के साथ प्लॉट की अदला-बदली करनी थी। इस मामले में शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत देकर आरोपी को रंगे हाथ काबू कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।