Gurugram News Network - RTI का जवाब देने में लापरवाही बरतना नगर निगम के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर को भारी पड़ गया। हरियाणा नगर निकाय के अतिरिक्त चीफ सेक्रेटरी अरुण गुप्ता ने जवाब देने में लापरवाही बरतने पर डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर विजय पाल यादव को सस्पेंड कर दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के आदेश पर की गई है। विजय पाल यादव को सस्पेंड किए जाने के साथ ही उन्हें नगर निगम यमुनानगर मुख्यालय में तलब किया गया है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई यमुनानगर के एक मामले में की गई है। यमुनानगर के गांव ओम नगर की ढाणी निवासी शेखर यादव ने कुछ समय पहले निगम में एक RTI दायर कर जानकारी मांगी थी। इस जानकारी के लिए निगम की तरफ से जो जवाब दिया गया उससे याचिकाकर्ता संतुष्ट नहीं था। इस पर उसने अपील दायर की, लेकिन अपील में भी उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। यहां तक कि अधिकारियों ने जवाब दाखिल करने में भी लापरवाही दिखाई।
अधिकारियों की कार्यशैली से नाराज होकर शेखर यादव ने इससे संबंधित शिकायत मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यालय में शिकायत देते हुए न्याय की गुहार लगाई थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि जिस तरह से तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है उससे नगर निगम में भ्रष्टाचार होने की संभावना प्रबल हो रही है। इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने के मुख्यमंत्री ने हरियाणा नगर निकाय के अतिरिक्त चीफ सेक्रेटरी अरुण गुप्ता को आदेश दिए थे जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।