कोख में हुआ मासूम का कत्ल
Gurugram News Network- जिले में सेक्स रेशो बढाने के लिए भले ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रयास किए जा रहे हों, लेकिन कोख के कातिलों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। ऐसा ही मामला गांव बांस कूसला में सामने आया है जहां नाले में 6 माह की लड़की का भ्रूण मिला है। सूचना मिलते ही IMT मानेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने IPC की धारा 318 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गांव बांस कूसला निवासी कृष्ण कुमार रविवार सुबह किसी कार्य से जा रहा था। उसे क्षेत्र के नाले में एक भ्रूण पड़ा दिखाई दिया। इसकी सूचना उसने पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर दी। भ्रूण की जानकारी कंट्रोल रूम से IMT मानेसर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भ्रूण कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
IMT थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यशवंत सिंह ने बताया कि अज्ञात महिला के खिलाफ IPC 318 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास के अस्पतालों व स्वास्थ्य विभाग से उन गर्भवती महिलाओं का रिकाॅर्ड लिया जा रहा है जिनके गर्भ में पल रहे बच्चे की उम्र 6 महीने के आसपास है। इसके अलावा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। यह भी आशंका प्रबल हो रही है कि कोख में बच्ची की हत्या से पहले भ्रूण की लिंग जांच कराई गई हो। जल्द ही आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।