Gurugram News Network – नेहरू स्टेडियम के हॉकी ग्राउंड में फुटबॉल खेलने से रोकना हॉकी कोच को भारी पड़ गया। युवक अपने साथियों को ले आया और हॉकी कोच को बुरी तरह से पीट कर घायल कर दिया। ग्राउंड में मौजूद खिलाड़ियों ने कोच को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में चरखी दादरी निवासी अशोक ने बताया कि वह हॉकी कोच है और उसकी ड्यूटी नेहरू स्टेडियम में है। हॉकी ग्राउंड में बच्चों को हॉकी सिखाने आया तो देखा कि कुछ बाहरी युवक हॉकी ग्राउंड में फुटबॉल खेल रहे हैं। इस पर उन्होंने युवको को ग्राउंड से बाहर जाने के लिए कह दिया और दोबारा हॉकी ग्राउंड में फुटबॉल ना खेलने की हिदायत दी। यह बात एक युवक को नागवार गुजरी और कुछ देर बाद वह अपने साथियों के साथ आया और कोच अशोक कुमार की पिटाई कर दी। युवकों ने ग्राउंड में मौजूद कुछ हॉकी के खिलाड़ियों से उनकी हॉकी स्टिक ले ली जिसके जरिए उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
शोर होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए और जाते हुए कोच को जान से मारने की धमकी दे गए। यहां मौजूद हॉकी खिलाड़ियों ने कोच को अस्पताल में भर्ती कराया और इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एक आरोपी की पहचान अजय के रूप में हुई है जिसकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि अजय ही अपने साथियों को मौके पर लेकर आया था और वारदात को अंजाम दिया। जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।