Gurugram News Network

शहर

स्लम बना सेक्टर-4, सड़कों पर बह रहा पानी

Gurugram News Network- नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही ने शहर के पाॅश सेक्टर-4 को स्लम में तब्दील कर दिया है। एक महीने से पानी की लाइन लीक होने के साथ ही टूटी सड़कें इस सेक्टर की पहचान बन गई है। स्थानीय लोगों ने सीवर की ब्लॉकेज ठीक करने के लिए नगर निगम को करीब दो महीने पहले शिकायत दी थी। निगम अधिकारियों ने इस पर कार्रवाई तो की, लेकिन इसके साथ ही यहां पानी की लाइन लीक कर दी। एक महीने से शिकायत के बाद भी अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

स्थानीय निवासी डाॅ उर्मिला, मोनिका व अन्य ने बताया कि बरसात के दिनों से यह समस्या चली आ रही है। पहले सीवर लाइन ब्लॉक थी, जिसे खुलवाने के लिए नगर निगम अधिकारियों को शिकायत दी गई। कई बार प्रयास के बाद नगर निगम अधिकारियों ने यहां कार्य शुरू करवाया। पहले गड्ढा खुदवाया, लेकिन लाइन नहीं मिली। इसके बाद कुछ दिन तक गड्ढा खुला रहा। कई बार प्रयास करने के बाद निगम अधिकारियों ने दोबारा यहां कार्य शुरू करवाया। इस बार लाइन मिलने के बाद उसे बंद कर दिया, लेकिन इसके बाद से नई दिक्कत शुरू हो गई। एक अन्य पानी की लाइन यहां लीक हो गई और पानी निकल कर तेजी से सेक्टर में भर रहा है।

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक महीने से लीकेज की शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही। सड़क पर भर रहे पानी के कारण सेक्टर निवासियों का आना जाना भी दूभर हो गया है। लोग परेशान हो रहे हैं, लेकिन निगम अधिकारी उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। सड़क की हालत भी खराब हो गई है। हैरत की बात यह है कि सेक्टर में सड़क बनाए हुए एक साल भी नहीं हुआ कि इसकी हालत जर्जर हो गई। निगम अधिकारियों ने इसकी मरम्मत भी कराई, लेकिन चंद दिनों में ही सड़क की हालत दोबारा जर्जर हो गई। जिस स्थान पर पानी लीक है वहां भी गड्ढे हो गए हैं। इनमें पानी भरने के कारण वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है।

 

वहीं, इस बारे में जब नगर निगम के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सतपाल सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

Related Articles

Check Also
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker