Gurugram News Network – सोहना क्षेत्र में एक व्यक्ति का अपहरण करने व उसे बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव सिलानी की रहने वाली ममता ने बताया कि उसका पति (अशोक) दशहरे के दिन शराब पीकर आया था। जब वह पैदल घर जा रहा था तो पड़ोस में रहने वाला प्रवीण अपने बच्चों नवीन व पोते संजय के साथ घर जा रहा था, जो अशोक से गाली गलौज करने लगा। इससे गुस्सा होकर अशोक ने दो फायर किए और अपने घर के अंदर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद प्रवीण, नवीन, जयप्रकाश, अमित, कपूरी व संजय आए जो अशोक के साथ मारपीट करने लगे। इस पर ममता ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
पुलिस के मौके पर पहुंचते ही अशोक डरकर खेतों में भाग गया। ममता ने आरोप लगाया कि नवीन, प्रवीण और संजय ने अशोक को सतबीर के घर के पास पकड़ लिया और मारपीट करने के बाद जबरन उसे गाड़ी में किडनैप कर अपने घर ले गए। यहां उसे रात भर बंधक बनाए रखा और पीटते रहे। सुबह उसे छोड़ दिया। इस पर उसने सोहना थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।