Gurugram News Network - Instagram से दोस्ती इतनी भारी पड़ सकती है कि यह न केवल आपका घर बिकवा दे बल्कि आपको कर्जदार भी बना सकती है। ऐसा हम नहीं बल्कि मानेसर साइबर थाना पुलिस द्वारा दर्ज किया एक केस बयां कर रहा है जिसमें Instagram दोस्त ने महिला को झांसे में लेकर उसे विदेश से महंगा गिफ्ट भेजने की बात कही और उसका घर बिकवा दिया। इसके साथ ही महिला के गहने गिरवी रखवा कर लोन दिलवा दिया। इतने से भी आरोपी का मन नहीं भरा तो उसने महिला को रिश्तेदारों और परिचितों से रुपए उधार लेने के लिए मजबूर कर दिया। यह सारी राशि महिला ने अपने Instagram दोस्त को भेज दी। करीब दो करोड़ रुपए जाने के बाद महिला के बेटों को इस बारे में पता लग गया और उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया।
पुलिस के मुताबिक, महिला दक्षिण भारत की रहने वाली सीनियर सिटिजन है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसके पति का देहांत हो चुका है। बच्चों की शादी हो चुकी है। कुछ समय पहले उसकी पहचान Instagram के जरिए एलेक्स नामक व्यक्ति से हुई थी जिसने खुद को ब्रिटिश एयरलाइंस में पायलट बताया। आरोप है कि एलेक्स ने उन्हें अपनी बातों में उलझाकर मोबाइल नंबर ले लिया और उनसे व्हाट्सएप पर बातें करने लगा। इसके बाद आरोपी कथित पायलट ने एक महंगा गिफ्ट भेजे जाने की बात कही। इसके लिए उन्होंने शिपिंग चार्ज के नाम पर 35 हजार रुपए की पेमेंट करने के लिए कहा।
महिला ने जब यह पेमेंट कर दी तो अगले दिन उन्हें कथित कस्टम अधिकारी का फोन आया जिसने गिफ्ट के कस्टम में फंसे होने की बात कही और महिला को डराकर रुपए ट्रांसफकर करवाने शुरू कर दिए। इस दौरान महिला इन शातिर ठगों के झांसे में आकर उनके कहे अनुसार बार-बार रुपए ट्रांसफर करने लगी। रुपयों के लिए आरोपियों ने महिला पर इतना दबाव बनाया कि महिला को तिरुपति में मौजूद अपना प्लॉट बेचना पड़ा। गहने एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखकर लोन लेना पड़ा। इतना ही नहीं महिला ने अपने रिश्तेदारों और अन्य परिचितों से करीब लाखों रुपए उधार लेकर भी कथित कस्टम अधिकारियों के बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर करने पड़े। बाद में जब महिला के एक बैंक खाते से लाखों रुपए ट्रांसफर होने का मैसेज उनके बेटे के मोबाइल पर गया तो उसने अपनी मां से पूछताछ की जिसके बाद महिला ने आपबीती बताई। बाद में महिला ने अपने बेटे के साथ मानेसर साइबर थाने में जाकर शिकायत देकर केस दर्ज कराया।ं