Gurugram News Network - शहर में जाम का कारण बन नहे ई रिक्शा चालकों की गुंडागर्दी देखने को मिली है। सड़क के बीच खड़े ई रिक्शा को हटवाने गए पुलिसकर्मियों पर इन ई रिक्शा चालकों ने हमला कर दिया। उन्हें पीट-पीटकर घायल कर दिया। शिकायत मिलते ही सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में ट्रैफिक जेडओ दिनेश कुमार ने बताया कि उनकी ड्यूटी अग्रसेन चौक पर है। बुधवार को कमान सराय के बाहर कुछ ई रिक्शा चालकों ने जाम की स्थिति उत्पन्न कर दी थी। इस कारण होम गार्ड अशोक कुमार उन्हें हटवाने के लिए गया था। जब अशोक इन्हें हटवा रहा था तो एक ई रिक्शा चालक ने उससे गाली गलौज शुरू कर दी। आरोपी ने फोन कर अपने भाई को बुलवा लिया जिसने आते ही उन पर हमला कर दिया। मारपीट कर उसकी वर्दी फाड़ दी।
इसके साथ ही उसने कई अन्य ई रिक्शा चालकों को बुलवाकर उस पर हमला कर दिया। इस पर अशोक ने शोर मचाकर जेडओ व अन्य साथियों को बुलाया और खुद काे बचाया। इस दौरान आरोपियों की पहचान नितिन व राहुल के रूप में हुई। इसकी शिकायत सिटी थाना पुलिस को देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।