हरियाणा में आज रात से बदलेगा मौसम, 5 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट

हरियाणा में मौसम का मिजाज देखने को मिल रहा है। हवा की दिशा बदलने से सुबह और शाम के समय हल्की धुंध देखी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 1 के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। 31 जनवरी की रात से 5 फरवरी तक बारिश के आसार है।
कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से फसलों को फायदा होगा। खासकर गेहूं की पैदावार बढ़ाने के लिए बारिश फायदेमंद होगी। हरियाणा में लगातार दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है।
हरियाणा कृषि विश्विद्यालय की ओर से एडवाइजरी जारी की गई थी और किसानों से लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया। कृषि वैज्ञानिकों ने आगामी दिनों में होने वाली बारिश को देखते हुए किसानों को सिंचाई रोकने के लिए कहा है।
खीचड़ बोले- लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ आएंगे
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ का कहना है कि प्रदेश में 5 फरवरी तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव के आसार है।
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 31 जनवरी की देर रात और 1 फरवरी को राज्य में आंशिक बादल और उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है।
3 से 5 फरवरी तक बारिश की संभावना
2 फरवरी को कहीं-कहीं अलसुबह धुंध छाने की संभावना है। इसके साथ एक और पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आने वाली नमीदार हवाओं के प्रभाव से राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में 3 फरवरी रात से 5 फरवरी के दौरान हवाओं व गरज चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर मध्यम बारिश की भी संभावना बन रही है।