Haryana News: हरियाणा के इस जिले में जम गया पाला, रबी सीजन की फसलों को मिल रहा फायदा

जनवरी के आखिरी दिनों में एक बार फिर ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को पारा गिरते ही और हवाओं की गति धीमी होते ही सुबह के समय पाला जम गया और लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक एक सप्ताह तक लोगों को सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ेगी। हालांकि उसके बाद ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है।
दरअसल पिछले सप्ताह सक्रिय हुए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ते ही सोनीपत जिले में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू हो गई हैं। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण पहाड़ों की ठंड भी मैदानी इलाकों तक पहुंच रही है। ऐसे में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है।
मंगलवार की सुबह आसमान पूरी तरह साफ होने और हवाओं की गति धीमी होने के कारण पाला जमने के हालात बन गए। सुबह जब लोग उठे तो घास पर बर्फ की हल्की चादर जमी देखी। पाला जमने के कारण लोगों को सुबह के समय जबरदस्त ठंड का एहसास हुआ।
रबी सीजन की फसलों को मिल रहा फायदा
मौसम का मौजूदा मिजाज रबी सीजन की फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रहा है। सुबह के समय ठंड और दिन में धूप खिलने से गेहूं और सरसों की फसलों की ग्रोथ बेहतर हो रही है।
हालांकि, पाले के हालात ऐसे ही रहे तो सरसों की फसल के साथ-साथ विभिन्न प्रकार की सब्जियों को भी नुकसान हो सकता है। पाले से गेहूं की फसल को काफी फायदा होता है। चालू रबी सीजन में सोनीपत जिले में किसानों ने 1 लाख 45 हजार हेक्टेयर भूमि में गेहूं की फसल उगाई है।
न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया
मंगलवार को जिले में दिन का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। कुछ स्थानों पर पारा इससे भी कम रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि सूर्योदय के बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी हुई।
सुबह कुछ घंटों के बाद ठंड से मामूली राहत मिली। दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे ही रहेगा। हालांकि, दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर रहेगा।