Movie prime

पटना एयरपोर्ट से विमानों का नया टाइम टेबल जारी, कुल 86 जहाज भरेंगे उड़ान, दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा 26 विमान

 
पटना एयरपोर्ट से विमानों का नया टाइम टेबल जारी,

पटना एयरपोर्ट पर नए शेड्यूल के साथ हवाई यात्रा शुरू हो गई है। नए शेड्यूल के अनुसार एयरपोर्ट से 86 विमान हर दिन उड़ान भरेंगे। जानकारी के अनुसार पटना एयरपोर्ट पर सुबह 7.10 बजे पर पहला विमान उतरेगा। वहीं आखिरी विमान रात 10.45 बजे आएगा। यह विमान रात के 11.25 बजे बेंगलुरू के लिए उड़ान भरेगा। 

 नए शेड्यूल के अनुसार एयरपोर्ट से रात दस बजकर 40 मिनट पर दिल्ली जाने के लिए आखिरी उड़ान उपलब्ध होगी। पिछले टाइम टेबल में 78 विमानों की आवाजाही की सूची जारी की गई थी। इस लिहाज से 8 विमानों की संख्या बढ़ाई गई है। पटना में पहला विमान इंडिगो का सुबह 7.10 बजे कोलकाता से पहुंचेगा। पहली उड़ान कोलकाता की सुबह 7.30 बजे होगी।

नई सूची में भी कुल चार विमानन कंपनियों की उड़ानें शामिल है। इनमें इंडिगो, स्पाइस जेट, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से विमानों का शेड्यूल दिया गया है। किसी नई कंपनी का नाम इस सूची में शामिल नहीं है। 

 दिल्ली मार्ग पर सबसे ज्यादा 26 विमान
सबसे ज्यादा विमान पटना दिल्ली मार्ग पर होंगे। इस मार्ग पर हर रोज 26 विमानों की आवाजाही होगी। दिल्ली एयरपोर्ट से पटना एयरपोर्ट पर पहला विमान 7.55 बजे आएगा, जबकि पहला विमान साढ़े आठ बजे उड़ान भरेगा। 

वहीं पटना कोलकाता मार्ग पर चार जोड़ी, बेंगलुरु मार्ग पर छह जोड़ी, पटना मुंबई मार्ग पर चार जोड़ी, पटना हैदराबाद मार्ग पर चार जोड़ी, पटना से भुवनेश्वर और पटना अहमदाबाद मार्ग पर दो-दो जोड़ी विमान उपलब्ध होंगे। पटना-रांची, पटना-लखनऊ, पटना पुणे, और पटना-गुवाहाटी मार्ग पर एक-एक जोड़ी विमान होंगे।