फर्जी वोट मामला: पूर्व मंत्री समेत पांच के खिलाफ केस
Gurugram News Network – फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वोट बनवाने के मामले में शहर थाना पुलिस ने तत्कालीन खेल मंत्री समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी करने का केस दर्ज किया है। यह केस अदालत के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, ओम प्रकाश ने अदालत में याचिका दायर की थी कि गुड़गांव गांव के शिव विहार मंदिर निवासी रमेश व इंदिरा द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपना वोट बनवाया था। इस एड्रेस की जांच की गई तो यह जांच फर्जी मिला। इनके वोट बनवाते वक्त संबंधित फॉर्म में बताया गया है कि बलवंत इनका सगा भाई है, लेकिन यह झूठ है।
ओम प्रकाश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि इसमें जयवीर द्वारा साइन किए गए हैं। कुछ दस्तावेज भी बनाए गए हैं जिनकी हैंडराइटिंग आपस में मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन विधायक एवं खेल मंत्री सुखबीर सिंह कटारिया ने जयवीर को लाखों रुपए की ग्रांट दी थी क्योंकि जयवीर उनका गहरा मित्र है। उन्होंने बताया कि जयवीर उस वक्त स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे और उनके द्वारा एक डेथ सर्टिफिकेट भी जारी किया गया था। इस डेथ सर्टिफिकेट की लिखाई और फर्जी वोट बनाने के लिए भरे गए फॉर्म की लिखाई भी आपस में मिलती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन फर्जी वोटों का उपयोग सुखबीर कटारिया ने चुनाव जीतने के लिए किया था। इसकी एक शिकायत उन्होंने 20 सितंबर 2014 को शहर थाना पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की। इस पर उन्होंने अदालत में याचिका दायर कर कार्रवाई करने की गुहार लगाई थी। सिटी थाना पुलिस ने अदालत के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।