Gurugram News Network

शहर

आदेशों को दरकिनार कर खुद निर्माण करा रहा MCG

Gurugram News Network- जब बिल्ली को ही दूध की रखवाली का जिम्मा दे दिया गया है तो दूध कितना सुरक्षित रहेगा इसका अंदाजा स्वतः ही लगाया जा सकता है। इसका अंदाजा शहर में चल रहे निर्माण कार्यों को देखकर लगाया जा सकता है। केंद्रीय पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के आदेशों के बावजूद भी शहर में निर्माण कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। दिल्ली NCR में खतरे की घंटी बजा चुके पॉल्यूशन के स्तर को बढ़ाने में नगर निगम अधिकारी अपना योगदान दे रहे हैं। यह कार्य आम जनता द्वारा ही नहीं बल्कि नगर निगम द्वारा स्वयं भी किया जा रहा है। हैरत की बात यह है कि निगम अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य को पूरी तरह से संरक्षण दिया जा रहा है।

 

दरअसल, दिल्ली NCR में पॉल्यूशन का स्तर खतरे की घंटी बजा चुका है। इसके कारण केंद्रीय पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने दिल्ली समेत गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, झज्जर में निर्माण कार्यों पर पाबंदी लगाई हुई है। हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने इन सभी जिलों के उपायुक्त को पत्र लिखकर पॉल्यूशन कम करने के उपाय करने को कहा था। इसके साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा था कि क्षेत्र में निर्माण कार्य न हों व निर्माण सामग्री भी खुले में न पडी रहे, लेकिन विभाग के अधिकारी इन आदेशों को दरकिनार कर खुद ही निर्माण कार्य करवाने में जुट गए हैं।

 

पिछले दिनों नगर निगम को सूचना मिली थी कि शहर के राम नगर, ज्योति पार्क, सेक्टर-7 एक्सटेंशन, लक्ष्मण विहार, राजेंद्रा पार्क, गांधी नगर, हीरा नगर समेत अन्य नगर निगम क्षेत्रों में निर्माण कार्य चल रहा है। इन पर नगर निगम अधिकारियों ने कार्रवाई करने की बजाय खुद ही कई स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इन दिनों राजेंद्रा पार्क बूस्टिंग स्टेशन में नगर निगम द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य कर रहे श्रमिकों का कहना है कि निगम द्वारा CFC का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में शहरवासियों से पॉल्यूशन कंट्रोल करने में योगदान देने की उम्मीद लगाना ही व्यर्थ है।

वहीं, मामले में जिला उपायुक्त डाॅ यश गर्ग ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इस बारे में नगर निगम आयुक्त मुकेश कुमार आहूजा से बात की जा रही है। इस पर तुरंत ही कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Check Also
Close

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker