पति ने की आत्महत्या तो सदमे में आई पत्नी ने भी दे दी जान
Gurugram News Network – गांव चौमा में पारिवारिक कलह से परेशान होकर एक व्यक्ति ने तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली। सदमे में आई पत्नी ने भी जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जान दे दी। सूचना मिलते ही पालम विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुशांत मूल रूप से वेस्ट बंगाल के रहने वाले थे और एक कंपनी में कार्यरत थे। करीब तीन साल पहले उसकी शादी झारखंड की रहने वाली जूही से हुई थी। दोनों अपने परिवार के साथ गांव चौमा में किराए पर रहते थे। पुलिस ने बताया कि जूही के सास-ससुर अक्सर घर पर झगड़ा करते थे, जिससे वह परेशान थे। जूही ने सुशांत से दूध व दही लाने के लिए कहा था। जैसे ही सुशांत दूध व दही लेकर वापस आया तो जूही के सास-ससुर ने झगड़ा शुरू कर दिया। इससे परेशान होकर सुशांत ने बाथरूम में रखा तेजाब पी लिया।
जब परिजनों ने सुशांत को देखा तो उसके मुंह से झाग आई हुई थी। सुशांत को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इस बात से जूही सदमे में आ गई और उसने भी घर आकर जहरीला पदार्थ पी लिया। इसकी सूचना मिलते ही पालम विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।