Gurugram News Network- शुक्रवार अल सुबह बख्तावर चौक के पास अज्ञात वाहन ने बाइक से जा रहे कांस्टेबल को टक्कर मार दी। इस घटना में कांस्टेबल की मौत हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झज्जर का रहने वाला ललित हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल था। वह सदर थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर था। शुक्रवार अल सुबह करीब सवा तीन बजे कंप्यूटर में कुछ खराबी आ गई थी। ऐसे में वह सेक्टर-50 थाने में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर के पास जाने के लिए अपनी बाइक से निकला था। जब वह बख्तावर चौक के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।इस घटना में वह घायल होकर नीचे गिर गया, जिसे अन्य वाहन चालकों ने मेदांता अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मेदांता अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए परिजनों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।