Gurugram News Network - गुरुग्राम पुलिस ने Instagram पर महिलाओं से दोस्ती कर महिलाओं को ठगने वाले गिरोह के चार सदस्यों को काबू किया है। काबू किए गए चार आरोपियों में एक नाइजीरियन भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 25 मोबाइल, 65 एटीएम कार्ड, 34 चेक बुक व 12 पासबुक बरामद किए हैं।
एसीपी प्रियांशू दीवान ने बताया कि कुछ दिन पहले पुलिस को एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसकी दोस्ती यूके के कथित डॉक्टर से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। कुछ दिन बातचीत करने के बाद डॉक्टर ने उसे यूके से गिफ्ट व कैश भेजे जाने की बात कही थी। जब यह गिफ्ट और कैश भारत पहुंचा तो कथित कस्टम अधिकारी ने उन्हें फोन कर कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर राशि भेजने की बात कही। आरोप है कि कई ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपियों ने महिला से लाखों रुपए ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद पुलिस को शिकायत देकर ठगी का केस दर्ज कराया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को काबू किया जिनकी निशानदेही पर एक नाइजीरियन को भी काबू किया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर ठगी करता था। पकड़े गए तीन अन्य आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और आरोपी नाइजीरियन को आठ साल पहले मुंबई से डिपोर्ट कर वापस नाइजीरिया भेजा गया था, लेकिन बाद में यह दोबारा भारत आ गया और ठगी का यह गिरोह चलाने लगा। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कब से यह ठगी कर रहे हैं और कितने लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।