Gurugram News Network - सदर बाजार में एक बार फिर शातिर महिला ने एक ज्वेलर्स को करीब 12 लाख रुपए का चूना लगा दिया। जांच करने पर जब शोरूम में गहने कम मिले तो सीसीटीवी कैमरे में जांच की गई। इसकी शिकायत ज्वेलर्स ने पुलिस को देकर केस दर्ज कराया है। सिटी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकातय में संजीव पोद्दार ने बताया कि वह अशोक विहार में रहते हैं और सदर बाजार के श्री राम ज्वेलर्स पर मैनेजर हैं। 26 नवंबर को उनके शोरूम पर दो महिलाएं आई जो सोने के झुमके दिखाने के लिए कहने लगी। शोरूम में मौजूद सेल्समैन पंकज आहूजा ने उन्हें सोने के टॉप्स दिखाए। शोरूम में आने के दौरान एक महिला ने अपना नाम बबली बताया था जो शीतला माता मंदिर के पास रहती थी।
गहने देखने के दौरान महिलाएं जल्दबाजी करने लगी और यहां से बिना खरीददारी किए ही वापस चली गई। बाद में जब डिब्बे संभाले और उनका वजन चेक किया तो 200 ग्राम सोने के टॉप्स कम मिले। इनकी कीमत करीब 12 लाख रुपए है। यह पूरा घटनाक्रम यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को देकर केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।